नमस्कार दोस्तों,
गुजरात विधानसभा के दूसरे फेज की वोटिंग सोमवार को खत्म हो गई। अब 8 दिसंबर को गुजरात के साथ ही हिमाचल प्रदेश के चुनावी नतीजों का इंतजार है। अगले 72 घंटे में यह तय हो जाएगा कि इस बार दोनों राज्यों में भाजपा वापसी करेगी या फिर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) बाजी मार ले जाएगी।
हालांकि इससे पहले सोमवार को आए एग्जिट पोल में गुजरात में भाजपा रिकॉर्ड 7वीं बार सरकार बनाती दिख रही है। वहीं हिमाचल प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर नजर आ रही है। आइए जान लेते हैं गुजरात और हिमाचल प्रदेश में पोल के आंकड़े क्या कहते हैं…
-
Table of Contents
सबसे पहले गुजरात का गणित जान लें…
तीन एग्जिट पोल के मुताबिक गुजरात में भाजपा की रिकॉर्ड 7वीं बार बहुमत की सरकार बन सकती है। वहीं, अगर 2017 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो भाजपा को 99 सीटें मिली थीं। यानी भाजपा अपने पिछले प्रदर्शन को बेहतर करती नजर आ रही है। इधर कांग्रेस को एक बार फिर झटका लगने का अनुमान है। कांग्रेस को तीन सर्वे में 30 से 50 सीट मिली हैं। वहीं इस बार आप गुजरात में खाता खोलती दिख रही है। यहां पार्टी को 3 से 13 सीट मिलने का अनुमान जताया गया है।

गुजरात में 2017 में क्या रहे थे नतीजे?
गुजरात विधानसभा का कार्यकाल अगले साल 18 फरवरी को खत्म हो रहा है। 2017 के चुनाव में भाजपा ने गुजरात विधानसभा की 182 में से 99 सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस को 77 सीटें मिली थीं। चुनाव के बाद भाजपा ने विजय रूपाणी को मुख्यमंत्री बनाया था।
हालांकि सितंबर 2021 में रूपाणी की जगह भूपेंद्र पटेल को मुख्यमंत्री बना दिया गया। मंत्रिमंडल में भी फेरबदल किया गया था। गुजरात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गृह क्षेत्र भी है। वे यहां 2001 से 2014 तक CM भी रह चुके हैं। भाजपा यहां 1995 से सत्ता में है। तब से कांग्रेस यहां वापसी नहीं कर पाई है। हालांकि 2017 में कांग्रेस ने भाजपा को कड़ी टक्कर दी थी।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पार्टी आप भी इस बार यहां जोर-शोर से लगी हुई है। ऐसे में मुकाबला त्रिकोणीय भी हो सकता है। अब देखना ये है कि 8 दिसंबर को जब मतगणना होगी तो क्या भाजपा रिकॉर्ड 7वीं बार सरकार बनाएगी या कांग्रेस और आप सत्ता में सेंध लगाने में कामयाब हो जाएंगीं।
-
पहाड़ी राज्य हिमाचल में किसे नसीब होगी सत्ता?
एग्जिट पोल के मुताबिक पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे का मुकाबला है। चार एजेंसी के सर्वे में भाजपा 32 से 40 के बीच यानी बहुमत के करीब दिख रही है, लेकिन कांग्रेस का भी आंकड़ा बहुमत को छूता नजर आ रहा है। चारों सर्वे में कांग्रेस को भी 27 से 34 के बीच सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। यानी भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला लगभग बराबरी का है। इस तरह एक बार फिर से हिमाचल की जनता सरकार बदलने का ट्रेंड कायम करती दिख रही है।